मेरी बेटी अनिका के लिए: वाहन बीमा (Vehicle Insurance) की एक ज़रूरी सीख
कहानी की शुरुआत एक सुरक्षा का त्रिकोण से होती है।
अनिका, कल्पना करो कि जब हम सड़क पर चलते हैं, तो हमारे आसपास सुरक्षा का एक अदृश्य 'त्रिकोण' (Triangle) होता है। इस त्रिकोण के तीन कोने हैं, जिन्हें हम इंश्योरेंस की भाषा में TP, OD और PA कहते हैं।
Third-Party - TP : यह दूसरों के लिए है। अगर हमारी गाड़ी से किसी और को चोट लग जाए, तो उसका हर्जाना इंश्योरेंस कंपनी देती है। यह कानूनन सबसे ज़रूरी है, क्योंकि हमारी वजह से किसी और का नुकसान हो यह सही नही है।
Own Damage - OD : यह हमारी अपनी प्यारी गाड़ी के लिए है। अगर गाड़ी चोरी हो जाए (जिसका डर पापा के साथ- साथ किसी को भी सबसे ज़्यादा रहता है ) या किसी एक्सीडेंट में खराब हो जाए, तो कंपनी हमें पैसे देती है ताकि हम गाड़ी ठीक करा सकें।
Personal Accident - PA : यह उस इंसान के लिए है जो गाड़ी चला रहा है। अगर उसे कुछ हो जाए, तो उसके परिवार को ₹15 लाख की मदद मिलती है। पॉलिसी का कवर मालिक द्वारा चलाए जाने वाले उसके सभी वाहनों पर मान्य होता है।
नियमों का बदलाव: पापा की एक खोज
जब पापा स्कुटी का इंश्योरेंस करा रहे थे, तो कंपनियों ने कहा कि PA कवर के पैसे देना अनिवार्य है। लेकिन पापा ने अपनी रिसर्च शुरू की तब मुझे पता चला कि नियम समय के साथ बदलते रहते हैं:
2018 से पहले: यह कवर बहुत छोटा होता था।
सितंबर 2018: सरकार ने इसे बढ़ाकर ₹15 लाख कर दिया ताकि परिवारों को बड़ी सुरक्षा मिले।
- जनवरी 2019: यहाँ एक बड़ा बदलाव आया IRDAI (जो बीमा की देखभाल करने वाली संस्था है, IRDAI/NUCIR/MOTP/ 200/12/2018, Date- 11th December, 2018, प्रभावी तिथि: 1 जनवरी 2019 ) ने कहा कि अगर किसी के पास पहले से ही ₹15 लाख का बीमा है, तो उसे हर गाड़ी के साथ अलग से पैसे देने की ज़रूरत नहीं है।
हमने पैसे कैसे बचाए?
अनिका, पापा ने सीखा कि अगर हमारे पास Salary Account (जैसे Diamond या Platinum) हो, तो बैंक हमें पहले से ही ₹20 लाख से ₹50 लाख तक का बीमा मुफ़्त देता है। तो फिर बेकार में इंश्योरेंस कंपनी को दोबारा पैसे क्यों देना? पापा ने फोन किया, बहस की और वह पैसा वापस लिया।
सीख: सुरक्षा ज़रूरी है, लेकिन जानकारी के अभाव में ज़रूरत से ज़्यादा पैसे देना समझदारी नहीं है।
अनिका के लिए आज का सवाल
मेरी प्यारी बेटी, जब तुम बड़ी होगी और अपनी खुद की कार खरीदोगी, तो मुझे बताओ
"अगर तुम्हारे पास पहले से ही एक कार है जिसका ₹15 लाख का PA कवर एक्टिव है, और तुम एक नई बाइक खरीदती हो, तो क्या तुम्हें उस नई बाइक के लिए दोबारा PA कवर का पैसा देना चाहिए? और अगर नहीं, तो तुम इंश्योरेंस एजेंट को क्या तर्क दोगी?"
Disclaimer इस लेख में दी गई जानकारी केवल शैक्षिक और जागरूकता के उद्देश्य से साझा की गई है। यह मेरे व्यक्तिगत अनुभव और नियमों की मेरी समझ पर आधारित है। मै कोई बीमा सलाहकार नहीं हूँ। वाहन बीमा (Vehicle Insurance) के नियम समय-समय पर बदलते रहते हैं। इसलिए, किसी भी प्रकार की पॉलिसी खरीदने, रिन्यू करने या क्लेम करने से पहले कृपया संबंधित बीमा कंपनी के आधिकारिक दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ें या किसी प्रमाणित बीमा सलाहकार (Insurance Expert) से परामर्श लें। इस जानकारी के उपयोग से होने वाले किसी भी वित्तीय लाभ या हानि के लिए यह वेबसाइट उत्तरदायी नहीं होगी।